आरटीओ प्रवर्तन का रायबरेली उप संभागीय परिवहन कार्यालय में औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर दिए अहम निर्देश।
रायबरेली, परिवहन विभाग की व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), अयोध्या संजय कुमार झा ने शनिवार को उप संभागीय परिवहन कार्यालय, रायबरेली का औचक निरीक्षण किया।
यह निरीक्षण परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशीलता की गहन जांच की गई। इसके साथ ही कार्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों का भी भौतिक निरीक्षण किया गया।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) ने कार्यालय में मौजूद आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और कराए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान लोगों ने बताया कि वे मुख्य रूप से एनओसी एवं वाहनों के पुनः पंजीयन से संबंधित कार्यों के लिए कार्यालय पहुंचे हैं।
निरीक्षण के दौरान संजय कुमार झा ने कार्यालय में कार्यरत सभी पटल सहायकों के कार्यस्थलों पर जाकर उनके कार्यों की समीक्षा की। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने कार्यस्थल पर उपस्थित पाए गए। उन्होंने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई तथा पत्रावलियों के व्यवस्थित रख-रखाव पर संतोष व्यक्त किया।
उन्होंने अधिकारियों को कार्यालय परिसर में फीस से संबंधित आवश्यक होर्डिंग लगाए जाने तथा सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), रायबरेली अरविन्द कुमार यादव, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), रायबरेली उमेश कटियार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
दीपेंद्र सिंह (प्रधान संपादक)
रिपोर्टर:- पुष्पराज सिंह