दिव्यांग छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी सौगात: ई-ट्राइसाइकिल, स्मार्टफोन, टैबलेट और सहायक उपकरणों के लिए करें आवेदन।

 दिव्यांग छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी सौगात: ई-ट्राइसाइकिल, स्मार्टफोन, टैबलेट और सहायक उपकरणों के लिए करें आवेदन।


रायबरेली,  जनपद के दिव्यांग छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा पात्र दिव्यांग विद्यार्थियों एवं दिव्यांगजनों से ई-ट्राइसाइकिल, स्मार्टफोन, टैबलेट और विभिन्न सहायक उपकरणों के लिए शीघ्र आवेदन करने की अपील की गई है।

जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी रायबरेली विकास वर्मा ने बताया कि जनपद की अध्ययनरत दिव्यांग छात्राएं ई-ट्राइसाइकिल (इलेक्ट्रॉनिक गाड़ी) प्राप्त करने के लिए विभागीय पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। आवेदन करने के बाद आवेदन पत्र को आवश्यक अभिलेखों के साथ विकास भवन स्थित जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कार्यालय में जमा करना होगा।

ई-ट्राइसाइकिल के लिए ये हैं जरूरी पात्रताएं

ई-ट्राइसाइकिल के लिए आवेदिका की आयु कम से कम 16 वर्ष होनी चाहिए और वह किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में अध्ययनरत हो। इसके अलावा आवेदिका का कमर के ऊपर का हिस्सा पूर्ण रूप से स्वस्थ एवं कार्यशील होना आवश्यक है।

आवेदन के लिए विद्यालय में अध्ययनरत होने का प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, दिव्यांग प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड, आधार कार्ड, फोटो एवं मोबाइल नंबर सहित अन्य आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने होंगे।

स्मार्टफोन और टैबलेट के लिए भी आवेदन शुरू

वहीं, हाईस्कूल उत्तीर्ण एवं वर्तमान में अध्ययनरत दिव्यांग छात्र-छात्राएं स्मार्टफोन और टैबलेट प्राप्त करने के लिए भी आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के उपरांत संबंधित प्रपत्रों को जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, रायबरेली में जमा करना अनिवार्य होगा।

इसके लिए आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, विद्यालय में अध्ययनरत होने का प्रमाण पत्र, दिव्यांग प्रमाण पत्र, यूडीआईडी कार्ड, फोटो एवं मोबाइल नंबर जैसे आवश्यक दस्तावेजों की जरूरत होगी।

सहायक उपकरणों का भी मिलेगा लाभ

जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ने बताया कि जनपद के पात्र दिव्यांगजन ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, स्मार्ट केन, कान की मशीन, वॉकिंग स्टिक, वॉकर सहित विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध अन्य सहायक उपकरणों के लिए भी आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने पात्र दिव्यांग छात्र-छात्राओं एवं दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे आवश्यक अभिलेखों के साथ जल्द से जल्द आवेदन कर सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।


दीपेंद्र सिंह (प्रधान संपादक)

रिपोर्टर:- पुष्पराज सिंह

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने