युवा जागा तो बदलेगा देश का हाल, अगला चुनाव ईवीएम से नहीं होगा : राहुल गांधी

रायबरेली। सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे के दौरान केंद्र सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि देश का युवा अब जाग चुका है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय बदलाव का है और अगला चुनाव ईवीएम से नहीं होगा। राहुल गांधी ने व्यापारियों की समस्याओं को लेकर हर स्तर पर संघर्ष करने का भरोसा भी दिलाया।

सराफा कारोबारियों से संवाद, समस्याओं पर चर्चा

शहर के प्रभु टाउन में आयोजित सराफा कारोबारियों के निजी कार्यक्रम में पहुंचे राहुल गांधी का व्यापारियों ने अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान कारोबारियों ने व्यापार से जुड़ी विभिन्न समस्याएं उनके सामने रखीं। राहुल गांधी ने कहा कि व्यापारियों की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा और उनके हितों के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि देश में परिस्थितियां बदल रही हैं। युवा अपने अधिकारों और भविष्य को लेकर जागरूक हो चुका है। अब उसकी अनदेखी किसी भी सरकार के लिए आसान नहीं होगी। राहुल गांधी के इस बयान को आगामी चुनावों और युवाओं की भूमिका से जोड़कर देखा जा रहा है।

बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों ने रोका काफिला

राहुल गांधी शाम को महराजगंज पहुंचे। लखनऊ-हैदरगढ़-लाही बॉर्डर से होते हुए रायबरेली लौटते समय कोटवा मदनिया के पास बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों ने उनका काफिला रोक लिया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बाढ़ से उत्पन्न समस्याओं और अपनी परेशानियों से राहुल गांधी को अवगत कराया।

राहुल गांधी गाड़ी में बैठे-बैठे ही ग्रामीणों की समस्याएं सुनते रहे। उन्होंने उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों के जुटने से मौके पर भीड़ बढ़ गई, जिसे नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। ग्रामीणों से बातचीत के बाद राहुल गांधी का काफिला रायबरेली के लिए रवाना हो गया।


दीपेंद्र सिंह (प्रधान संपादक)
रिपोर्टर :-शादमान खान

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने