सांसद निधि के कार्यों की गुणवत्ता पर राहुल गांधी सख्त, जांच रिपोर्ट मांगी

रायबरेली। दिशा की बैठक में केंद्रीय योजनाओं के कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठने के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं रायबरेली सांसद राहुल गांधी ने अपनी सांसद निधि से कराए जा रहे विकास कार्यों को लेकर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने जिलाधिकारी से स्पष्ट कहा कि कार्य कराने के लिए किसी भी कार्यदायी संस्था को नामित किया जाए, लेकिन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।

राहुल गांधी ने सांसद निधि से कराए जा चुके और प्रस्तावित कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने जांच के बाद इसकी रिपोर्ट भी उपलब्ध कराने को कहा है।

करीब 20 करोड़ के विकास कार्य

रायबरेली में सांसद निधि से करीब 20 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्य चल रहे हैं या प्रस्तावित हैं। दिशा की बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना समेत कई केंद्रीय योजनाओं के कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठे थे। कई सड़कों की खराब स्थिति सामने आने के साथ ही अन्य विकास कार्यों में भी निर्धारित मानकों के पालन को लेकर सवाल उठाए गए।

बैठक में कार्यदायी संस्थाओं और विभागों के चयन से जुड़े मामले भी सांसद के संज्ञान में आए। इसके बाद राहुल गांधी ने अपनी सांसद निधि से होने वाले कार्यों को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में उच्च गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।

अब अधिकारियों की ओर से सांसद निधि के तहत चल रहे और पूरे हो चुके कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट तैयार होने के बाद उसे सांसद को उपलब्ध कराया जाएगा।

तैयारी के साथ पहुंचे थे राहुल

दिशा की बैठक में राहुल गांधी इस बार पहले की अपेक्षा पूरी तैयारी और होमवर्क के साथ नजर आए। वह प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की पांच बदहाल सड़कों की तस्वीरें साथ लेकर पहुंचे थे। वहीं, सलोन विधानसभा क्षेत्र की एक बदहाल सड़क की तस्वीर भी बैठक के दौरान गूगल से डाउनलोड कर संबंधित जनप्रतिनिधि के सामने रखी।

बैठक में राहुल गांधी कई मुद्दों पर अधिकारियों से सवाल करते और उनके जवाबों पर तर्क के साथ अपनी बात रखते नजर आए। उनकी तैयारी के चलते बैठक में उठाए गए सवालों पर सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधियों को भी मजबूती से जवाब देने की स्थिति में आना पड़ा।


दीपेंद्र सिंह (प्रधान संपादक)
रिपोर्टर :-शादमान खान



एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने