बच्चों संग जन्मदिन की खुशियां, ‘तिथि भोज’ में परोसा पौष्टिक भोजन।
रायबरेली,
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देशन में विकासखंड अमावां की ग्राम पंचायत बहादुरनगर स्थित कंपोजिट विद्यालय में ‘तिथि भोज’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों के साथ खुशियां साझा करने के साथ-साथ समाज में सेवा, सहभागिता और आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन रायबरेली निवासी एवं लखनऊ वित्त विभाग में तैनात समीक्षा अधिकारी अभिषेक गोस्वामी ने अपने जन्मदिन के अवसर पर किया। उन्होंने अपने जन्मदिन की खुशियां विद्यालय के बच्चों के साथ साझा करते हुए उन्हें स्वादिष्ट एवं पौष्टिक भोजन कराया। इस अवसर पर बच्चों में खास उत्साह देखने को मिला।
‘तिथि भोज’ का आयोजन खंड विकास अधिकारी संदीप सिंह एवं खंड शिक्षा अधिकारी ऋचा सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने सामूहिक रूप से भोजन ग्रहण किया और इस आयोजन का आनंद लिया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने कहा कि ‘तिथि भोज’ जैसी पहल समाज के विभिन्न वर्गों को बच्चों से जुड़ने और उनके प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का अवसर देती है। ऐसे आयोजन बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य के साथ-साथ उनमें सामाजिक जुड़ाव और सामुदायिक सहभागिता की भावना को भी मजबूत करते हैं।
जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों पर जरूरतमंद एवं वंचित वर्ग के बच्चों के साथ खुशियां साझा करना समाज में संवेदनशीलता, सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान नीलम सिंह, ग्राम विकास अधिकारी शिवेंद्र सिंह, प्रधानाध्यापक अबशारुल मेराज जाफरी, सहायक अध्यापक राज भरत राजभर, जय सिंह यादव, शिखा सिंह, मंगेशलता, शिक्षामित्र शिव सागर एवं सीता सिंह सहित ग्राम के अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
दीपेंद्र सिंह (प्रधान संपादक)
रिपोर्टर:- पुष्पराज सिंह