17 सितंबर से रायबरेली में शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, डीएम ने दिए प्रभावी आयोजन के निर्देश।

 

17 सितंबर से रायबरेली में शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, डीएम ने दिए प्रभावी आयोजन के निर्देश।

रायबरेली, 10 सितम्बर 2026
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में अभियान को सफल, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान को जनसरोकारों से जोड़ते हुए व्यापक स्तर पर संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि आमजन तक शासन की योजनाओं, सेवाओं और जनकल्याणकारी प्रयासों का प्रभावी लाभ पहुंचाना होना चाहिए।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने विभागों की जिम्मेदारियां समय से निर्धारित करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने तथा इसकी जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया।

सेवा संकल्प अभियान में होंगे विभिन्न कार्यक्रम

आशीर्वाद का दीया: 17 सितम्बर की शाम प्रमुख विकास स्थलों पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर: जरूरतमंद लोगों के लिए रक्तदान शिविरों के साथ स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे।

स्वच्छता अभियान: सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता कार्यक्रम चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।

सेवा सेतु अभियान: नगरीय क्षेत्रों एवं ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाकर पात्र नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।

सांस्कृतिक एवं बौद्धिक आयोजन: युवाओं के लिए भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के साथ सुशासन विषय पर सेमिनार आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चन्द्र, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी सुधीर गिरी, जिला पर्यटन अधिकारी पीयूष चन्द्र राय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


दीपेंद्र सिंह (प्रधान संपादक)

रिपोर्टर:- पुष्पराज सिंह

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने