रायबरेली विकास पर राहुल गांधी की बैठक, अधिकारियों को समयबद्ध निर्देश।


रायबरेली विकास पर राहुल गांधी की बैठक, अधिकारियों को समयबद्ध निर्देश।

रायबरेली, 09 सितम्बर 2026।
कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति ‘दिशा’ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता रायबरेली के सांसद एवं दिशा समिति के अध्यक्ष राहुल गांधी ने की। इस दौरान जिले में संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में अमेठी सांसद एवं दिशा समिति के सह-अध्यक्ष किशोरी लाल, उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय और राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने दिशा समिति से संबंधित विभिन्न योजनाओं की बिंदुवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, वृद्धावस्था एवं निराश्रित महिला पेंशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, समग्र शिक्षा अभियान, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, उज्ज्वला योजना, एक जिला एक उत्पाद, खेलो इंडिया सहित कई योजनाओं पर चर्चा हुई।

पात्र लोगों को आवास और समय से पेंशन दिलाने के निर्देश

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों को आवास योजना का लाभ सुनिश्चित कराया जाए। वहीं वृद्धावस्था, निराश्रित महिला एवं दिव्यांग पेंशन योजनाओं की समीक्षा के दौरान लाभार्थियों को समय से पेंशन की किस्त उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

हर घर तक पहुंचे स्वच्छ पेयजल

जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए उन्होंने जिले के सभी पात्र घरों तक पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने पर जोर दिया। निर्माणाधीन परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराने के भी निर्देश दिए गए। इसके साथ ही जल निकायों की मरम्मत, नवीनीकरण एवं पुनरुद्धार के कार्यों को प्राथमिकता से कराने को कहा गया।

सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर, ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने के निर्देश

राष्ट्रीय राजमार्गों की समीक्षा के दौरान सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों द्वारा सड़कों की मरम्मत एवं निर्माण से संबंधित उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा गया।

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने जनसुविधाओं एवं क्षेत्रीय विकास से जुड़ी विभिन्न समस्याएं और सुझाव भी रखे। राहुल गांधी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने तथा जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करने पर जोर दिया।

उन्होंने पूर्व में आयोजित दिशा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की और कार्यवाही पर संतोष व्यक्त किया।

बैठक में जिला पंचायत प्रशासक रंजना चौधरी, एमएलसी अमेठी गोविन्द नारायण शुक्ला, विधायक सलोन अशोक कुमार, विधायक बछरावां श्याम सुन्दर भारती, विधायक हरचन्दपुर राहुल राजपूत, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार, मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


दीपेंद्र सिंह (प्रधान संपादक)

रिपोर्टर:- पुष्पराज सिंह

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने