मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 175 जोड़े बने हमसफर।

 

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 175 जोड़े बने हमसफर।

विधायक अदिति सिंह व सीडीओ अंजुलता ने नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद, उपहार देकर दी शुभकामनाएं।

रायबरेली, 18 सितम्बर 2026  मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत विकासखंड अमावां के राणा बेनी माधव सिंह मैदान में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिले के विभिन्न विकासखंडों के 175 जोड़ों का विवाह वैदिक रीति-रिवाजों के साथ सकुशल संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक सदर अदिति सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता ने दीप प्रज्वलित कर किया। इससे पूर्व जिला समाज कल्याण अधिकारी आर.वी. सिंह ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

समारोह में पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नवविवाहित जोड़ों को सात फेरे दिलाए गए और विवाह की सभी रस्में विधि-विधान से संपन्न कराई गईं। विवाह समारोह में अमावां के 77, राही के 73 तथा नगर पालिका परिषद रायबरेली के 25 जोड़े शामिल हुए।

विधायक सदर अदिति सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्रत्येक जोड़े को वस्त्र, डिनर सेट, ट्रॉली बैग सहित विभिन्न उपहार प्रदान किए गए।

विधायक सदर अदिति सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराना है। उन्होंने सभी नवदंपतियों को जीवन की नई शुरुआत के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता ने कहा कि सामूहिक विवाह योजना शासन की प्राथमिकता वाली महत्वपूर्ण योजनाओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि आज आयोजित समारोह में 175 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम का संचालन अभिषेक द्विवेदी ने किया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, खंड विकास अधिकारी अमावां संदीप सिंह, जिला पंचायत सदस्य राघवेन्द्र प्रताप सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


दीपेंद्र सिंह (प्रधान संपादक)

रिपोर्टर:- पुष्पराज सिंह

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने