बच्चों संग पंगत में बैठे अतिथि, तिथि भोज में दिखा अपनापन।
कम्पोजिट विद्यालय शिवगढ़ में तिथि भोज उत्सव, बच्चों से संवाद कर पढ़ाई के लिए किया प्रेरित।
रायबरेली, 18 सितम्बर 2026 जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के मार्गदर्शन, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह के निर्देशन एवं खंड शिक्षा अधिकारी ऋचा सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को कम्पोजिट विद्यालय शिवगढ़ में तिथि भोज उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार बाजपेई के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कुंवर रानी श्रद्धा सिंह तथा विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी ऋचा सिंह मौजूद रहीं। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं स्टाफ ने अतिथियों का बुके भेंटकर एवं प्रतीक चिह्न देकर स्वागत किया।
तिथि भोज के दौरान अतिथियों ने बच्चों के साथ पंक्ति में बैठकर भोजन किया। कुंवर रानी श्रद्धा सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी शेफाली रस्तोगी, खंड शिक्षा अधिकारी ऋचा सिंह एवं सभासद ममता वर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बच्चों के साथ भोजन कर समानता, अपनत्व और भाईचारे का संदेश दिया।
बच्चों एवं अतिथियों को पौष्टिक भोजन के साथ फल, खीर सहित विभिन्न विशेष व्यंजन परोसे गए। भोजन के दौरान अतिथियों ने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, रुचियों और विद्यालय की गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। साथ ही बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
तिथि भोज उत्सव के दौरान विद्यालय का माहौल उत्साह, उमंग और आत्मीयता से भर गया। बच्चों और अतिथियों का साथ बैठकर भोजन करना कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। आयोजन ने समानता, भाईचारे और सामाजिक अपनत्व का सुंदर संदेश दिया।
इस अवसर पर शिक्षक धर्मेंद्र कुमार अवस्थी, एआरपी विनय मिश्रा, पंकज वर्मा, शिखा बाजपेयी, कल्पना सोलंकी, नीलम यादव, रीता झा, अंजूलता, इमरान खान, संगीता यादव, कमर जहां, राजेश श्रीवास्तव, प्रिया सिंह, मोहिनी त्रिपाठी, राकेश सैनी, प्रधान संघ अध्यक्ष पवन सिंह, नरेंद्र सिंह, शालू गुप्ता, सुत्तन सिंह, उमेश यादव सहित विद्यालय स्टाफ एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
दीपेंद्र सिंह (प्रधान संपादक)
रिपोर्टर:- पुष्पराज सिंह
