चित्रों में दिखी विद्यार्थियों की कल्पना, 1040 ने लिया हिस्सा।
37 माध्यमिक विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिता, सामाजिक और समसामयिक विषयों पर उकेरे कल्पना के रंग।
रायबरेली, सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा, कल्पनाशीलता एवं सृजनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जनपद के 37 माध्यमिक विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 09 से 12 तक के कुल 1040 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और रचनात्मक क्षमताओं को प्रदर्शित करने का अवसर दिया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद के माध्यमिक विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। छात्र-छात्राओं ने रंगों और रेखाओं के माध्यम से सामाजिक, राष्ट्रीय एवं समसामयिक विषयों को प्रभावशाली ढंग से चित्रों में उकेरा। अपनी कलाकृतियों के जरिए विद्यार्थियों ने विचारों और भावनाओं को रचनात्मक अंदाज में अभिव्यक्त किया।
विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। प्रतियोगिता को लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह ने कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे विद्यार्थियों में सृजनात्मक सोच, आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति की क्षमता और कला के प्रति रुचि विकसित होती है।
उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आगे भी विद्यार्थियों के लिए विभिन्न ज्ञानवर्धक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
दीपेंद्र सिंह (प्रधान संपादक)
रिपोर्टर:- पुष्पराज सिंह
