ट्रिपिंग से 45 हजार उपभोक्ता परेशान, कई इलाकों में बिजली संकट

रायबरेली उतार प्रदेश । शहर में बिजली आपूर्ति की समस्या लगातार बनी हुई है। पावर कॉर्पोरेशन की व्यवस्था में तकनीकी खामियों के चलते करीब 45 हजार उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। प्रगतिपुरम और आचार्य द्विवेदी नगर उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में आए दिन फॉल्ट और ट्रिपिंग के कारण आपूर्ति बाधित हो रही है।

रविवार को आचार्य द्विवेदी नगर उपकेंद्र से निकलने वाले रतापुर फीडर और 33 केवी लाइन में फॉल्ट आने से करीब एक घंटे तक बिजली गुल रही। रतापुर फीडर से एकता बिहार, रतापुर और सब्जी मंडी समेत कई मोहल्लों को बिजली आपूर्ति होती है। दोपहर करीब तीन बजे आपूर्ति बंद हुई और लगभग चार बजे बहाल हो सकी। गर्मी और उमस के बीच बिजली गुल होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।

इसी तरह आचार्य द्विवेदी नगर उपकेंद्र से जुड़े मुंशीगंज, एम्स रोड, शहीद स्मारक रोड और आचार्य द्विवेदी नगर समेत कई इलाकों में भी बिजली प्रभावित रही। रतापुर ट्रांसमिशन से आने वाली 33 केवी लाइन में फॉल्ट के कारण दोपहर 3:14 बजे से करीब चार बजे तक आपूर्ति बाधित रही।

शिकायतों के बावजूद नहीं सुधरी व्यवस्था

उपभोक्ताओं शरद मेहरोत्रा, विपिन कुमार और दयाशंकर का कहना है कि तकनीकी खामियों के कारण आए दिन बिजली गुल हो जाती है। कई बार घंटों आपूर्ति बाधित रहने से घरेलू कामकाज के साथ व्यापार भी प्रभावित होता है। उनका कहना है कि शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।

दो महीने से ट्रांसफार्मर खराब, पानी के लिए भी परेशानी

सरेनी। लालखेड़ा मजरे माधवपुर गांव में ट्रांसफार्मर करीब दो महीने से खराब पड़ा है। ग्रामीणों के मुताबिक, कई बार ऑनलाइन शिकायत करने के बावजूद अब तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। अनिल बाजपेयी, धर्मेंद्र पाल और रामप्रताप पाल ने बताया कि बिजली न होने से सबसे अधिक परेशानी पानी को लेकर हो रही है।

ग्रामीणों के अनुसार कुछ लोगों ने दूर स्थित दूसरे ट्रांसफार्मर से केबल जोड़कर बिजली का अस्थायी इंतजाम किया है, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों को करीब 200 मीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है। लालगंज एक्सईएन गोपाल सिंह ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने की जानकारी उन्हें नहीं थी। उन्होंने जल्द ट्रांसफार्मर बदलवाने की बात कही है।

आपूर्ति शुरू होते ही आधे घंटे में फुंका ट्रांसफार्मर

सलोन। सेंधियापुर कस्बे में बिजली संकट से उपभोक्ताओं की परेशानी कम होने के बजाय और बढ़ गई। नहर पटरी के किनारे लगे ट्रांसफार्मर की केबल में शुक्रवार दोपहर आग लग गई थी। शनिवार को केबल बदलकर आपूर्ति शुरू की गई, लेकिन करीब आधे घंटे बाद ही ट्रांसफार्मर फुंक गया।

ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण कस्बे के उपभोक्ता दो दिन से बिजली संकट झेल रहे हैं। लगातार बिजली संबंधी तकनीकी समस्याओं के चलते स्थानीय लोगों में नाराजगी है और वे जल्द आपूर्ति बहाल किए जाने की मांग कर रहे हैं।



दीपेंद्र सिंह (प्रधान संपादक)
रिपोर्टर :- शादमान खान





एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने