सेवा संकल्प में बच्चों संग डीएम, बांटे फल और खिलौने।
गोरा बाजार आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचीं जिलाधिकारी, बच्चों से संवाद कर जाना पढ़ाई-पोषण का हाल।
रायबरेली, 17 सितम्बर 2026 सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने आंगनबाड़ी केंद्र एवं प्राथमिक विद्यालय गोरा बाजार पहुंचकर बच्चों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने 35 बच्चों को फल एवं खिलौने वितरित किए और उनकी पढ़ाई, खान-पान तथा केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री एवं सहायिका को निर्देश दिए कि बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं प्रारंभिक शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पोषण और शिक्षा दोनों बेहद महत्वपूर्ण हैं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्र पर उपलब्ध ‘कलांकुर चहक’ पुस्तिका, पिक्चर बुक आदि शिक्षण सामग्री के उपयोग के संबंध में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री बीना देवी से जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को फल वितरित करते हुए पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में बताया और खिलौने देकर उनकी गतिविधियों का उत्साहवर्धन किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी कार्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना तथा सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करना है।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेन्द्र कुमार, सीडीपीओ संजय सिंह, मुख्य सेविका संध्या श्रीवास्तव, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री बीना देवी, सहायिका मीना देवी सहित 3 से 6 वर्ष आयु के बच्चे उपस्थित रहे।
दीपेंद्र सिंह (प्रधान संपादक)
रिपोर्टर:- पुष्पराज सिंह