30 नवंबर तक पूरा होगा गठन, 1 दिसंबर से नई एसएमसी संभालेगी जिम्मेदारी
रायबरेली। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित जिलेभर के करीब 2,350 विद्यालयों में विद्यालय प्रबंध समिति (एसएमसी) का नए सिरे से गठन किया जाएगा। इसके लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और संबंधित विद्यालयों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।
नई एसएमसी के गठन की प्रक्रिया 1 से 30 नवंबर तक पूरी कराई जाएगी। वर्तमान विद्यालय प्रबंध समितियों का कार्यकाल 30 नवंबर को समाप्त हो रहा है। ऐसे में 1 दिसंबर से नई समितियां जिम्मेदारी संभालेंगी।
इन विद्यालयों में होगा गठन
गैर-अनुदानित विद्यालयों को छोड़कर परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी विद्यालयों तथा सहायता प्राप्त विद्यालयों में विद्यालय प्रबंध समिति का गठन किया जाता है। समिति का कार्यकाल दो वर्ष का होता है।
नोडल अधिकारियों की निगरानी में होगा गठन
एसएमसी के गठन के लिए जिलाधिकारी की ओर से नोडल अधिकारियों को नामित किया गया है। जिले के सभी 18 विकास क्षेत्रों में खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि नगर क्षेत्र में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को पूरी प्रक्रिया में समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभाग ने निर्धारित समय सीमा में एसएमसी का गठन पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।
दीपेंद्र सिंह (प्रधान संपादक)
रिपोर्टर :-शादमान खान