पं. प्रदीप मिश्रा की कथा सुनने पहुंचीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल।

 

 पं. प्रदीप मिश्रा की कथा सुनने पहुंचीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ।

ऊंचाहार में भव्य कथा का आयोजन, राज्यपाल ने भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों से जुड़ने का बताया महत्वपूर्ण अवसर।

रायबरेली, 14 सितम्बर 2026।
चड़रई टोल प्लाजा, निकट बाबूगंज, ऊंचाहार में आयोजित भव्य श्री शिव महापुराण कथा में उत्तर प्रदेश की मा. राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सम्मिलित हुईं। उन्होंने व्यासपीठ पर विराजमान सुविख्यात कथावाचक परम पूज्य पं. प्रदीप मिश्रा जी के मुखारविंद से शिव महापुराण कथा का श्रवण किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

कथा स्थल पर साधु-संतों की गरिमामयी उपस्थिति के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। इस दौरान मा. मंत्री खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग, उत्तर प्रदेश मनोज कुमार पाण्डेय ने राज्यपाल का साल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत और अभिनंदन किया।

प्रत्यक्ष कथा श्रवण को बताया सौभाग्य

अपने उद्बोधन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि इस पावन अवसर पर उपस्थित होकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने बताया कि जब भी उन्हें समय मिलता था, वह टीवी के माध्यम से पं. प्रदीप मिश्रा जी की कथा का श्रवण करती थीं। आज प्रत्यक्ष रूप से कथा सुनने और आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिलना उनके लिए अत्यंत सुखद एवं सौभाग्य का विषय है।

भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों से जुड़ने का अवसर

राज्यपाल ने कहा कि यह अत्यंत पवित्र और आध्यात्मिक स्थल है, जहां बड़ी संख्या में साधु-संतों की उपस्थिति में श्रद्धालु श्री शिव महापुराण कथा का श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ और संतों का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन लोगों को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और सनातन मूल्यों से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भव्य श्री शिव महापुराण कथा के आयोजन के लिए मा. मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


दीपेंद्र सिंह (प्रधान संपादक)

रिपोर्टर:- पुष्पराज सिंह

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने