सलोन में महिलाओं को मिली नई जिम्मेदारी और डिजिटल ताकत, 51 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र, 51 कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन

सलोन में महिलाओं को मिली नई जिम्मेदारी और डिजिटल ताकत, 51 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र, 51 कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन

रायबरेली, 20 मई 2026:

सलोन विधानसभा क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण और बाल विकास को नई गति देने के उद्देश्य से जिला बाल विकास पुष्टाहार विभाग द्वारा विकास खंड सलोन सभागार में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवचयनित 51 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए, वहीं 51 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन प्रदान कर उन्हें डिजिटल सेवाओं से जोड़ा गया।



कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सलोन विधायक अशोक कुमार ने नियुक्ति पत्र और स्मार्टफोन वितरित करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां बच्चों और माताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में बेहद अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य आंगनबाड़ी सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़कर और अधिक प्रभावी बनाना है, ताकि जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ तेजी और पारदर्शिता के साथ पहुंच सके।

विधायक ने सभी नवचयनित सहायिकाओं और कार्यकत्रियों से अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल सुविधाओं के माध्यम से अब बच्चों और गर्भवती महिलाओं की देखभाल, पोषण और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकेगा।

कार्यक्रम का संचालन एस.एस. पाण्डेय द्वारा किया गया। इस अवसर पर पूर्व प्रमुख आजाद सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र कुमार, संजय सिंह, शशि सिंह, अंजना सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं मौजूद रहीं।

दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- अमान अंसारी

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने