रायबरेली के जिला महिला अस्पताल में गर्भवती महिलाओं को कच्ची रोटियां परोसने का वीडियो वायरल हुआ है। इससे अस्पताल की भोजन व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं और मरीजों ने जांच की मांग की है।
रायबरेली रिपोर्ट संवाददाता, रायबरेली। जिला महिला अस्पताल में भर्ती गर्भवती महिलाओं को कच्ची रोटी परोसे जाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद अस्पताल की भोजन व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद मरीजों और तीमारदारों में नाराजगी है। उनका कहना है कि अस्पताल में भर्ती महिलाओं को पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाना चाहिए, लेकिन भोजन की गुणवत्ता में लापरवाही बरती जा रही है।
प्रसारित वीडियो में अस्पताल में भर्ती महिलाओं को भोजन के साथ दी गई रोटियां कच्ची दिखाई दे रही हैं। वीडियो के इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। मरीजों और तीमारदारों ने भोजन तैयार करने वाली व्यवस्था की निगरानी पर सवाल उठाए हैं।
प्रसव और इलाज के लिए आती हैं महिलाएं
तीमारदार राकेश कुमार व प्रेम कुमार का कहना है कि गर्भवती महिलाओं को चिकित्सकीय देखरेख के साथ पौष्टिक आहार की भी आवश्यकता होती है। ऐसे में यदि उन्हें ठीक से पका भोजन नहीं मिलेगा तो इसका सीधा असर उनके स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। अस्पताल में दूर-दराज के क्षेत्रों से महिलाएं प्रसव और उपचार के लिए आती हैं।
कई मरीज पूरी तरह अस्पताल की भोजन व्यवस्था पर निर्भर रहती हैं। मरीजों ने अस्पताल प्रशासन से मामले की जांच कराने और भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित कराने की मांग की है। उनका कहना है कि भोजन वितरण से पहले उसकी गुणवत्ता की नियमित जांच होनी चाहिए, ताकि ऐसी शिकायत दोबारा सामने न आए।
वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद जिला महिला चिकित्सा अधीक्षक निर्मला का कहना है कि प्रसारित वीडियो की जांच कराकर दोषी मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:-शादमान खान