रायबरेली में LPG को लेकर अफवाहों पर लगा विराम: जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने कहा – घरेलू गैस की नहीं होगी कोई कमी
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आम उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सर्वर में तकनीकी गड़बड़ी के कारण कुछ समय के लिए समस्या उत्पन्न हुई थी, लेकिन अब स्थिति सामान्य है।
हालांकि उन्होंने बताया कि कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति होटल और रेस्टोरेंट के लिए कुछ दिनों तक सीमित रह सकती है। प्राथमिकता के आधार पर कमर्शियल सिलेंडर कस्तूरबा विद्यालय, नवोदय विद्यालय, एम्स और रेल कोच फैक्ट्री जैसी आवश्यक संस्थाओं को उपलब्ध कराए जाएंगे।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अतुल कुमार गुप्ता ने सुझाव दिया कि विद्युत आरडीएसएस योजना के अंतर्गत चल रहे बिजली लाइनों के परिवर्तन कार्य को फिलहाल रोका जाए, ताकि लोगों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिलती रहे और विद्युत उपकरणों के उपयोग में कोई बाधा न आए।
वहीं जिला अध्यक्ष प्रभाकर गुप्ता ने कहा कि होटल और रेस्टोरेंट से जुड़े व्यापारियों का भी विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए और उन्हें जल्द से जल्द कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं, जिससे उनका रोजगार प्रभावित न हो।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रवि कुमार, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, जिला संरक्षक महेंद्र अग्रवाल, वरिष्ठ जिला महामंत्री संदीप शुक्ला, पेट्रोल पंप संगठन से जितेंद्र शर्मा और मंशा अवस्थी, इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन से वाई.के. गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- अमान अंसारी