रायबरेली में सड़क सुरक्षा पर सख्ती: डीएम की अध्यक्षता में अहम बैठक, दिए गए कड़े निर्देश
जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित व सुगम करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध कटों को तत्काल बंद कराने, नियमित और प्रभावी पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने तथा पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही, सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर प्रवर्तन कार्यवाहियों में और तेजी लाने पर जोर दिया गया।
उन्होंने इंटीग्रेटेड रोड एक्सीडेंट डेटाबेस में सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े आंकड़ों को समय पर अपडेट करने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे बेहतर योजना बनाकर हादसों में कमी लाई जा सकती है।
डीएम ने जिले के प्रमुख चौराहों को सुरक्षित और सुगम बनाने तथा सड़कों पर हो रहे अतिक्रमण को प्राथमिकता के आधार पर हटाने के निर्देश दिए। इसके अलावा चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स के सुधार कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें जल्द ठीक करने को कहा गया।
गंगा एक्सप्रेसवे पर यातायात शुरू होने के मद्देनजर डीएम ने वहां भी सघन पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक्सप्रेसवे पर किसी भी प्रकार की स्टंटबाजी या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके साथ ही, “गुड सेमेरिटन योजना” के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया, ताकि सड़क हादसों में घायल लोगों की मदद करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहन मिल सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अमृता सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता महिपाल सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन उमेश चंद कटियार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- अमान अंसारी