पंचायत चुनाव 2026 की तैयारी तेज: ₹28.8 लाख की मतदान किट के लिए जेम पोर्टल पर बिड जारी
रायबरेली में आगामी त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन कार्यालय ने पूर्ण मतदान सामग्री किट की खरीद/तैयारी के लिए जेम (Government e-Marketplace) पोर्टल पर निविदा जारी कर दी है।
मुख्य विकास अधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी, जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय) अंजू लता ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के तहत यह बिड संख्या GEM/2026/8/7509267 दिनांक 06 मई 2026 को प्रकाशित की गई है।
इस निविदा के अंतर्गत मतदान सामग्री किट में स्टेशनरी, लिफाफे और आवश्यक प्रपत्र शामिल होंगे। किट की कुल अनुमानित लागत ₹28,80,000 (अट्ठाईस लाख अस्सी हजार रुपये) निर्धारित की गई है।
बिड जमा करने की अंतिम तिथि 16 मई 2026 शाम 7:00 बजे तक तय की गई है, जबकि बिड उसी दिन शाम 7:30 बजे खोली जाएगी। इच्छुक फर्मों और संस्थाओं को जेम पोर्टल के माध्यम से इस निविदा में भाग लेने का अवसर दिया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, इस प्रक्रिया में जेम पोर्टल के नियमों के साथ-साथ जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा निर्धारित अतिरिक्त शर्तें (ATC) भी लागू रहेंगी। साथ ही, सक्षम प्राधिकारी को बिना कोई कारण बताए निविदा निरस्त करने का पूर्ण अधिकार सुरक्षित रहेगा।
कुल मिलाकर, यह पहल पंचायत चुनाव 2026 को पारदर्शी और सुचारु रूप से संपन्न कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- अमान अंसारी