रायबरेली में सड़क परियोजनाओं को मिली रफ्तार: डीएम ने भूमि अधिग्रहण में पारदर्शिता और तेजी के दिए सख्त निर्देश

रायबरेली में सड़क परियोजनाओं को मिली रफ्तार: डीएम ने भूमि अधिग्रहण में पारदर्शिता और तेजी के दिए सख्त निर्देश

रायबरेली | 12 मई 2026
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जनपद की विभिन्न सड़क परियोजनाओं से जुड़े भूमि अधिग्रहण कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अधिकारियों ने अधिग्रहण की वर्तमान स्थिति, मुआवजा वितरण, सामने आ रही बाधाओं और लंबित मामलों की जानकारी प्रस्तुत की।

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरा किया जाए, ताकि सड़क निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की रुकावट न आए। उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों और नागरिकों को शासन की मंशा के अनुरूप समय पर उचित मुआवजा मिलना चाहिए और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

लंबित और विवादित मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए डीएम ने संबंधित उप जिलाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय बढ़ाकर तेजी से निस्तारण करने के निर्देश दिए।

बैठक में गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की स्थिति पर भी विशेष ध्यान दिया गया। डीएम ने यूपीडा को निर्देशित किया कि चिन्हित सड़कों की समयबद्ध मरम्मत सुनिश्चित की जाए और कार्य पूर्ण होने के बाद संबंधित अधिकारियों द्वारा संयुक्त सर्वे कर गुणवत्ता की जांच की जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अमृता सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल यादव समेत एनएचएआई, यूपीडा, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- अमान अंसारी

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने