जिला कारागार रायबरेली में बंदियों की सुविधाओं पर सख्त नजर—विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव का औचक निरीक्षण
जिला कारागार रायबरेली में बंदियों की स्थिति, सुविधाओं और अधिकारों की निगरानी को लेकर आज जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनिशा ने साप्ताहिक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायबरेली अमित पाल सिंह के निर्देशों के क्रम में संपन्न हुआ।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने जेल में निरुद्ध बंदियों के खानपान, रहन-सहन, चिकित्सा सुविधाओं और लीगल ऐड क्लीनिक की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। जेलर हिमांशु रौतेला से बातचीत कर उन्होंने कैदियों की स्थिति और रखरखाव से जुड़ी जानकारी हासिल की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
जेल प्रशासन के अनुसार वर्तमान में कारागार में कुल 984 बंदी निरुद्ध हैं। सचिव ने विशेष रूप से महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों के स्वास्थ्य पर ध्यान देने के निर्देश देते हुए समय पर दवा और देखभाल सुनिश्चित करने को कहा।
इस अवसर पर जेल परिसर में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का भी आयोजन किया गया। सचिव अनिशा ने बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और कानूनी मुद्दों को सुना तथा उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की कानूनी सहायता के लिए बंदी जेल में स्थापित लीगल ऐड क्लीनिक के माध्यम से मदद प्राप्त कर सकते हैं।
शिविर में चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल राजकुमार सिंह, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल विपिन कुमार, उपकारापाल अंकित गौतम और धर्मपाल सिंह भी उपस्थित रहे।
दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- अमान अंसारी