समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सड़कों पर जोर: डीएम सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में पीएमजीएसवाई समीक्षा बैठक सम्पन्न

समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सड़कों पर जोर: डीएम सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में पीएमजीएसवाई समीक्षा बैठक सम्पन्न

रायबरेली | 14 मई 2026

जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले में चल रहे सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया।


बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही, सभी कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

समीक्षा में लंबित परियोजनाओं, निर्माणाधीन सड़कों, मरम्मत कार्यों और ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क मार्गों की उपलब्धता पर गहन चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से उन परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए, जहां कार्य की गति धीमी है।

उन्होंने यह भी कहा कि जिन सड़कों की अनुरक्षण अवधि चल रही है, उनका सत्यापन कर आवश्यक मरम्मत समय पर कराई जाए। इसके अतिरिक्त, गंगा एक्सप्रेसवे और रिंग रोड निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों का चिन्हांकन कर संबंधित विभागों द्वारा उनका शीघ्र पुनर्स्थापन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अधिशासी अधिकारी पीएमजीएसवाई नूर आलम तथा लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अधिकारी महिपाल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

दीपेंद्र सिंह (संपादक)
रिपोर्टर:- अमान अंसारी

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने